क्रिकेट वेस्टइंडीज़ (CWI) ने वेस्टइंडीज़ के खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ़ को भारत से घर वापस भेजने के लिए कमर्शियल फ़्लाइट्स की व्यवस्था की है। टीम 1 मार्च को T20 विश्व कप से बाहर होने के बाद से कोलकाता में फंसी हुई थी, क्योंकि ICC द्वारा चार्टर्ड फ़्लाइट से उन्हें वापस भेजने की कोशिशों में बार-बार देरी हो रही थी।
CWI ने पुष्टि की है कि वेस्टइंडीज़ टीम के कुछ सदस्यों ने पहले ही घर लौटने की व्यवस्था कर ली है। बाक़ी खिलाड़ियों के लिए मंगलवार या बुधवार को रवाना होने की व्यवस्था की गई है। वहीं ICC ने बुधवार सुबह एक बयान जारी करते हुए कहा कि साउथ अफ़्रीका की टीम, जो 4 मार्च को टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी, भी 36 घंटों के भीतर अपने देश के लिए रवाना हो जाएगी।
मंगलवार को जारी CWI के बयान में कहा गया, "पुरुष और महिला ICC विश्व कप में भाग लेने वाली टीमों के लिए यात्रा और आवास की सभी व्यवस्थाएं आम तौर पर ICC द्वारा ही समन्वित और प्रबंधित की जाती हैं।"
"चार्टर्ड फ़्लाइट, जो वेस्टइंडीज़ और साउथ अफ़्रीका दोनों टीमों को ले जाने के लिए निर्धारित थी, बार-बार देरी का शिकार हो रही थी। टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद वेस्टइंडीज़ की टीम नौ दिनों तक भारत में इंतज़ार करती रही। लेकिन वैश्विक तनाव और एविएशन नियमों के कारण ICC द्वारा प्रायोजित चार्टर फ़्लाइट की अनिश्चितता से स्थिति लगातार परेशान करने वाली बनती गई।"
"अपने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ़ की भलाई और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, क्रिकेट वेस्टइंडीज़ ने ICC को सूचित किया है कि चार्टर व्यवस्था का इंतज़ार करते रहना अब उचित नहीं है, क्योंकि यह अभी भी अनिश्चित है। इसके बाद CWI, खिलाड़ियों और अन्य साझेदारों के माध्यम से ICC के साथ समन्वय में कई प्रयास किए गए ताकि कमर्शियल यात्रा की व्यवस्था कर टीम को सुरक्षित घर भेजा जा सके। यह ध्यान देने योग्य है कि कुछ खिलाड़ी और स्टाफ़ पहले ही रवाना हो चुके हैं, जबकि बाक़ी सदस्य 10 मार्च और 11 मार्च 2026 को रवाना होने वाले हैं।"
"क्रिकेट वेस्टइंडीज़ इस मामले के समाधान को लेकर प्रशंसकों और प्रमुख हितधारकों की चिंता की सराहना करता है और सभी पक्षों को उनके समर्थन और धैर्य के लिए धन्यवाद देता है।" वेस्टइंडीज़ और साउथ अफ़्रीका की टीमों को मूल रूप से सप्ताहांत में हज रवाना होना था, लेकिन रविवार सुबह ICC ने उन्हें सूचित किया कि उनके लिए एक चार्टर्ड फ़्लाइट बुक की गई है, जो 10 मार्च को सुबह 2.30 बजे कोलकाता से उड़ान भरने वाली थी। इस फ़्लाइट को पहले जोहैन्सबर्ग रुकना था और फिर एंटीगा जाना था।
हालांकि सोमवार सुबह ICC ने टीमों को बताया कि यह फ़्लाइट रद्द कर दी गई है। सोमवार को ही बाद में टीमों को सूचित किया गया कि उनकी चार्टर फ़्लाइट मंगलवार दोपहर 2 बजे के लिए तय की गई है। लेकिन वह फ़्लाइट भी रद्द हो गई। ICC के ईमेल में टीमों को बताया गया कि दोनों गंतव्य के एयरपोर्ट्स ने "सभी चार्टर ऑपरेटरों को नोटिस जारी किया है कि किसी भी एड-हॉक चार्टर फ़्लाइट को अगले आदेश तक ईंधन भरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके कारण यह चार्टर फिलहाल उड़ान नहीं भर सकता, जब तक यह मामला हल नहीं हो जाता।"
एक सप्ताह से ज़्यादा समय से वेस्टइंडीज़ और साउथ अफ़्रीका की टीमें भारत में फंसी हुई थीं, जबकि उनका विश्व कप अभियान पहले ही ख़त्म हो चुका था। पश्चिम एशिया संकट के कारण कई हवाई क्षेत्र बंद या सीमित होने से यह स्थिति बनी। दोनों टीमों के खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ़ ने इस स्थिति को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी नाराज़गी भी जताई। ICC ने वेस्टइंडीज़ और साउथ अफ़्रीका की स्थिति पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
